हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर कांग्रेस का विरोध सोमवार को राजधानी देहरादून में भी देखने को मिला। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।
हाथीबड़कला के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की हुई। पुलिस ने कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण की कार्रवाई का विरोध किया।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस का आरोप है कि आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल का कथित शुद्धिकरण कराया गया। पार्टी ने इसे सामाजिक सौहार्द और सामाजिक सम्मान से जोड़ते हुए सरकार पर निशाना साधा।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मामले को लेकर प्रदेश के विभिन्न थानों में तहरीर देने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई, जबकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। कांग्रेस इसी के विरोध में सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रही है।
सैलजा बोलीं- सामाजिक भेदभाव के खिलाफ जारी रहेगी लड़ाई
प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार पर उत्तराखंड में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल का ‘शुद्धिकरण’ कराया गया। सैलजा ने आरोप लगाया कि आगामी चुनाव को देखते हुए भाजपा विभिन्न हथकंडे अपना रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
घेराव के दौरान कई लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ
सीएम आवास घेराव के दौरान कुमारी सैलजा और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस के अनुसार इनमें रुड़की के पूर्व मेयर यशपाल राणा, यमकेश्वर के पूर्व प्रमुख भुवनेश खर्कवाल, पूर्व प्रधानाचार्य एवं गन्ना समिति हरिद्वार के पूर्व अध्यक्ष मनोज सैनी, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री रामकुमार वालिया, देहरादून मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र आनंद और पुरोला के अधिवक्ता सचिन कुमार समेत अन्य लोग शामिल रहे।
दिल्ली में हरीश रावत ने रखा मौन व्रत
वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर एक घंटे का मौन व्रत रखा। स्वास्थ्य लाभ के लिए दिल्ली में रह रहे रावत ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि उत्तराखंड में अस्पृश्यता और अपमानजनक छुआछूत को संरक्षण देने वाली शक्तियों के खिलाफ संघर्ष चल रहा है।
रावत ने कहा कि इस संघर्ष में अपनी भागीदारी दर्ज कराने के लिए उन्होंने मौन व्रत रखा और सामाजिक भेदभाव तथा छुआछूत को बढ़ावा देने वाली शक्तियों की पराजय के लिए प्रार्थना की।

Source link






Source link

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *